विधानसभा उपचुनावों के लिए कांग्रेस तैयार, छह सीटो पर सात मंत्री किए तैनात

डेली पोस्ट हिमाचल, शिमला, 06/04/2024:- 


कांग्रेस ने विधानसभा उपचुनाव की किलेबंदी शुरू कर दी है। सात मंत्रियों को छह विधानसभा क्षेत्रों में तैनात किया गया है। इनके साथ 27 अन्य पदाधिकारियों को जोड़ा गया है, जो आगामी दिनों में सभी विधानसभा क्षेत्र में पार्टी को जीत दिलवाने के लिए प्रयास करेंगे। सीपीएस, विधायक और अध्यक्षों को प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हर टीम में चार से पांच पदाधिकारी प्रचार की कमान संभालेंगे। प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। इनमें धर्मशाला में कृषि मंत्री चंद्र कुमार की अगवाई में सीपीएस अशीष बुटेल, पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली, उप मुख्य सचेतक केवल पठानिया, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष करन पठानिया, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष हरभजन चौधरी, गगरेट में उद्योग मंत्री हर्षबर्धन चौहान के नेतृत्व में टीम बनाई गई है। इस टीम में विधायक मलेंद्र राजन, सुदर्शन बबलू, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रंजीत राणा और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुंदर कंवर शामिल हैं। कुटलैहड़ में दो मंत्रियों को तैनात किया गया है।

इनमें शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह को टीम की कमान दी गई है, जबकि उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया, विधायक नीरज नैय्यर, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रंजीत राणा ब्लॉक कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष विवेक मिंका को शामिल किया गया है। लाहुल-स्पीति में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी को कमान सौंपी गई है। उनकी टीम में सीपीएस सुंदर सिंह ठाकुर, विधायक भुवनेश्वर गौड़, जिलाध्यक्ष ज्ञालसेन ठाकुर, काजा के ब्लॉक अध्यक्ष राम सिंह, केलांग के रमेश कुमार और उदयपुर के देवी सिंह को शामिल किया गया है।

सुजानपुर-बड़सर में टीमें

सुजानपुर में मंत्री यादविंद्र गोमा की अगवाई में टीम गठित की गई है। विधायक चंद्रशेखर, सुरेश कुमार, जिला अध्यक्ष सुरेंद्र भारती और कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र वर्मा को सदस्य के तौर पर शामिल किया गया है। बड़सर विस क्षेत्र की बागडोर मंत्री राजेश धर्माणी को सौंपी गई है। उनकी अगवाई में बनाई गई टीम में सीपीएस किशोरी लाल, विधायक संजय रतन, जिला अध्यक्ष सुमन भारती और कार्यकारी अध्यक्ष संजय शर्मा को रखा गया है। उपचुनाव को लेकर सभी पदाधिकारी तय विधानसभा क्षेत्र का जिम्मा संभालेंगे।

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

Previous Post Next Post