लुटेरी दुल्हन, शादी के चार दिन बाद गहने लेकर फ़रार हुई दुल्हन


डेली पोस्ट,  हमीरपुर:- 

हमीरपुर जिला के भोरंज थाना क्षेत्र में शादी के नाम पर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गरसाहड़ पंचायत के साही गांव निवासी युवक जितेश शर्मा से शादी करवाने के बहाने 1.50 लाख रुपए ठग लिए गए और शादी के कुछ दिन बाद ही उसकी दुल्हन गहने लेकर फरार हो गई।


शिकायतकर्ता जितेश शर्मा ने बलदेव शर्मा पुत्र नानक नंद निवासी गांव खरसल, तहसील सरकाघाट व जिला मंडी को शादी करवाने के लिए 1.50 लाख रुपए दिए थे। 13 दिसम्बर, 2024 को बलदेव शर्मा ने युवती बबीता पुत्री तेग बहादुर के साथ भोरंज कोर्ट में उसकी शादी करवाई। लड़की के पास जन्म प्रमाण पत्र नहीं था, इसलिए वकील के माध्यम से शपथ पत्र के जरिए शादी कराई गई। ठगों ने शिकायतकर्ता व उसके परिजनों को विश्वास दिलाया गया कि युवती के जन्म प्रमाण पत्र इत्यादि दस्तावेज एक हफ्ते में उपलब्ध करवा दिए जाएंगे। इस पर विश्वास कर शिकायतकर्ता ने पूरे विधि-विधान से गांव के मंदिर में युवती के साथ विवाह की रस्में निभाईं।

शादी के 4 दिन बाद ही दुल्हन ने गहने और कीमती सामान लेकर कहा कि उसकी मां गंभीर रूप से बीमार है और वह यमुनानगर, हरियाणा जाना चाहती है। 18 दिसम्बर को शिकायतकर्ता जब उसे अस्पताल छोड़ने गया तो वहां एक महिला और एक अन्य लड़की जोकि शादी वाले दिन भी लड़की के साथ थीं, ने बताया कि मां आईसीयू में भर्ती है और मिलने की अनुमति नहीं है।

इसके बाद दुल्हन ने 2 दिन में वापस आने का वायदा कर उसे घेर भेज दिया। इसके बाद से उसने फोन उठाना ही बंद कर दिया। जब शिकायतकर्ता ने शादी करवाने वाले बलदेव शर्मा से संपर्क किया तो उसने भी पैसे और गहने लौटाने से साफ इंकार कर दिया। पीड़ित जितेश शर्मा ने भोरंज थाना में एफआईआर दर्ज करवाई, जिसके बाद पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एसपी भगत सिंह ने आश्वासन दिया है कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करेगी।

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

Previous Post Next Post