पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की 92वीं जयंती पर रामपुर कांग्रेस ने जुटाया 30 यूनिट रक्त

डेली पोस्ट हिमाचल, रामपुर बुशहर:- 

पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की 92वीं जयंती के अवसर पर आज रामपुर के राज दरबार परिसर में एक विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस आयोजन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। शिविर में कुल 30 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।

शिविर का शुभारंभ वीरभद्र सिंह की पत्नी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने हमेशा जनसेवा और सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता दी। यह रक्तदान शिविर उनके जीवन मूल्यों और विचारों को आगे बढ़ाने का एक प्रतीकात्मक प्रयास है। प्रतिभा सिंह ने युवाओं से समाज सेवा में आगे आने और स्वास्थ्य क्षेत्र में योगदान देने की अपील की। सभी ने वीरभद्र सिंह के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बताए हुए जनसेवा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रदेश सातवें वित्तायोग के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नंद लाल विशेष रूप से शामिल हुए।

इस शिविर का आयोजन ब्लॉक कांग्रेस, सेवा दल और यूथ कांग्रेस के संयुक्त सहयोग से किया गया। रक्त संग्रहण का कार्य महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर खनेरी के ब्लड बैंक की टीम ने संभाला।

इस मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष चंद्र प्रभा नेगी, सदस्य त्रिलोक भलूनी, हुकम चंद, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सतीश वर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

Previous Post Next Post