डेली पोस्ट हिमाचल, शिमला:-
शिमला जिले के नारकंडा, कुफरी, खड़ापथर, चंसल घाटी और रोहतांग पास में ताजा बर्फबारी हुई है। वहीं, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, कुल्लू और चंबा के ऊंचाई वाले इलाकों में भी बर्फबारी का दौर जारी है। नारकंडा में लगभग 4 से 6 इंच बर्फ गिरी है, जिससे यहां का नजारा बेहद खूबसूरत हो गया है। रोहतांग पास और अटल टनल के पास 8-10 इंच तक बर्फबारी दर्ज की गई है। जबकि बागी, खदराला और मशोबरा में भी हल्की बर्फबारी हुई है तथा शिमला और सोलन के ऊंचाई वाले इलाकों में ओले गिरने की भी खबरें हैं।
मैदानी इलाकों में बारिश, ठंड में बढ़ोतरी:-
शिमला, मंडी, कांगड़ा, हमीरपुर, बिलासपुर, सोलन और ऊना जिलों में बारिश हो रही है। बारिश के कारण तापमान में भारी गिरावट आई है और ठंडक बढ़ गई है।
शिमला का न्यूनतम तापमान 1.8°C और अधिकतम तापमान 7.2°C दर्ज किया गया। मनाली में तापमान 0°C के करीब पहुंच गया। केलांग (लाहौल-स्पीति) में न्यूनतम तापमान -8°C दर्ज किया गया। कांगड़ा, सोलन, ऊना और हमीरपुर में बारिश के साथ ठंडी हवाएं चल रही हैं।
मौसम विभाग का अलर्ट – 20 फरवरी को भारी बर्फबारी और बारिश की चेतावनी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने हिमाचल प्रदेश के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 20 फरवरी को भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और लाहौल-स्पीति जिलों में भारी बर्फबारी का अनुमान है। अन्य जिलों में मध्यम से तेज बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है।
किसानों और बागवानों के लिए राहत की बारिश:-
इस बारिश और बर्फबारी से हिमाचल प्रदेश के किसानों और बागवानों को राहत मिली है। सेब, नाशपाती, प्लम, खुबानी और अन्य फलों के पेड़ों को इस नमी से फायदा होगा। गेहूं, जौ, मटर और अन्य रबी फसलों के लिए यह बारिश संजीवनी साबित होगी।हालांकि, कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि से मटर और सरसों की फसल को नुकसान होने की संभावना है।
पर्यटकों के लिए रोमांच, लेकिन सावधानी जरूरी:-
बर्फबारी के बाद शिमला, मनाली, नारकंडा और कुफरी में पर्यटकों की भीड़ बढ़ गई है। हालांकि, प्रशासन ने पर्यटकों से सतर्क रहने की अपील की है। भारी बर्फबारी से शिमला-मनाली हाईवे और रोहतांग दर्रा पर यातायात बाधित हो सकता है। अटल टनल रोहतांग के पास बर्फीले तूफान का खतरा बढ़ गया है। पर्यटकों को बर्फबारी वाले क्षेत्रों में फिसलन और भूस्खलन से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
आने वाले दिनों का मौसम पूर्वानुमान:-
21-22 फरवरी: कुछ इलाकों में हल्की बारिश और हिमपात की संभावना। 23-24 फरवरी: मौसम साफ रहेगा, लेकिन तापमान कम रहेगा। 25-26 फरवरी: पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से फिर से बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

